वनवासी कल्याण परिषद् द्वारा राष्ट्रीय वनवासी खेल प्रतियोगिता का आयोजन 28 से
भोपाल 2७ दिसंबर। राजधानी भोपाल में 28 दिसंबर से 31 दिसम्बर तक देश भर के आदिवासी खिलाड़ी एकत्र होने जा रहे है। वनवासी कल्याण परिषद द्वारा भोपाल के कमला देवी पब्लिक स्कूल करोंद में राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय शाह, सचिव गुमानसिंह डामोर तथा महामंत्री योगीराज परते ने बताया कि इस प्रतियोगिता में तीरंदाजी और मॉडर्न खो-खो को शामिल किया गया है, जिसमें भाग लेने के लिए नेपाल, अरूणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, अंडमान तथा निकोबार, कर्नाटक तथा तमिलनाड़ु राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों से खिलाड़ी राजधानी पहुंच रहे है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलम्पिक तीरंदाज मंगल सिंह चेम्पियन भी उपस्थित रहेंगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चेम्पियन को इस मंच तक लाने का श्रेय वनवासी कल्याण परिषद को ही जाता है। परिषद के प्रागंण में आयोजित पत्रकार वार्ता में पदाधिकारियों ने बताया कि इन आयोजनों की वजह से कई बच्चों को जीवन की दिशा मिल चुकी है। इन खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सेना तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया अपने यहां विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कराती है। इससे इन बच्चों के भविष्य के लिए आगे का मार्ग प्रशस्त होता है। परिषद के सहसचिव संजय सक्सेना और खेल प्रभारी शक्तिपंत ठाकुर ने बताया कि देश के सुदूर क्षेत्रों से 565 वनवासी बच्चे भाग ले रहे हैं, जिसमें से 100 बालिकाएं है। यह बालिकाएं मॉर्डन खो-खो और तीरदांजी में अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी।
वनवासी कल्याण आश्रम के मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रकाश काले ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आदिवासी बालक-बालिकाओं का चयन उनके खेलों में हुए प्रदर्शनों को देखकर किया जाता है। इनमें से अधिकतर बच्चे तो ऐसे है, जो पहली बार रेल की यात्रा करते हुए महानगरों की सैर करेंगे। इन खेलों में वनवासी बच्चों का उत्साहवर्धन करने ऊर्जा मंत्री पारस जैन, पशुपालन मंत्री अंतर सिंह आर्य, आदिमजाति कल्याण मंत्री लाल सिंह आर्य सहित राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष नंदकुमार साय मौजूद रहेंगे।