अलग से तय किए जाएंगे रेट
सिटी रिपोर्टर
भोपाल, 28 दिसम्बर। शहर में बन रही 150 से अधिक अवैध कॉलोनियों को भी इस बार नई कलेक्टर गाइडलाइन में शामिल किया जाएगा, जिससे इन जगहों पर प्रापर्टी के रेट अलग से खोले जाएंगे। उप जिला मूल्याकंन समिति इन सभी कॉलोनियों की कुंडली बना रही है। किस कॉलोनी में कितने प्लॉट और किस रेट से कट रहे हैं। कलेक्टर गाइडलाइन उस जगह की क्या है। बिल्डर वहां पर किस रेट से जमीन बेच रहे हैं। इन सब बातों की जानकारी प्रशासन के अफसर जुटा रहे हैं। जिससे कलेक्टर गाइडलाइन 2018-19 में जमीनों के रेट तय करने पर निर्णय ले सकें।
नगर निगम सीमा में शामिल की गई पंचायतों में बनी अवैध कॉलोनियां नगर निगम के लिए परेशानी बनी हुर्इं हैं। नगर निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में बन रही अवैध कॉलोनियों की जांच कराई थी, जहां करीब 43 से अधिक अवैध कॉलोनियां सामने आई हैं, जबकि शहर के आसपास ऐसी करीब डेढ़ सौ कॉलोनियां हैं। नगर निगम सीमा में सबसे अधिक अवैध कॉलोनियां नीलबड़ क्षेत्र में मिली हैं।
यहां बन रही अवैध कॉलोनियां
फंदा, मूंडला, खजूरी सड़क, सूखी सेवनियां, बासिया, बैरागढ़ कलां, बालमपुर, भैंसाखेड़ी, भौंरी, बरखेड़ा सालम, प्रेमपुरा, झागरिया, गोल, दीपड़ी, बड़झीरी, नीलबड़, रातीबड़, कलखेड़ा, मेंडोरा-मेंडोरी, समसगढ़, सिकंदराबाद, फंदा, मालीखेड़ी सहित अन्य पंचायतों में सरपंच, अफसर एवं कॉलोनाइजरों की मिलीभगत से बड़ी-बड़ी कॉलोनियां काटी जा रही हैं।
सभी कॉलोनियों के अलग से करेंगे रेट तय
कलेक्टर के निर्देश पर प्रापर्टी की गाइडलाइन के लिए सब रजिस्ट्रार, तहसीलदार, आरआई और पटवारियों से सभी कॉलोनियों में प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त का रिकार्ड मांगा गया है, जांच के बाद प्रस्तावित दाम जिला मूल्यांकन समिति को पेश किए जाएंगे।
– अतुल सिंह,
एसडीएम, हुजूर