भोपाल, 28 दिसम्बर। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि गाय के नाम पर पूरे देश में बवाल मचाने वाली भाजपा सरकार प्रदेश में सैकड़ों की संख्या में गौमाता के मरने पर मौन क्यों है?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ग्वालियर की लालटिपारा गौशाला में 1500 गाय मरने के बाद सुसनेर की जहां देश की पहली गो-अभयारण्य में 500 से अधिक गाय की मौत दु:खद है। सिंह ने कहा कि गौभक्तों की सरकार में बड़े पैमाने पर गाय की मौत होना और उनकी रक्षा कर पाने में सरकार का असफल होना दु:खद है। अजय सिंह ने कहा कि एक गाय के मरने पर भाजपा और उसके संगठनों ने देश का माहौल खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
इसके लिए उन्होंने इंसानों की जान तक ले ली, लेकिन वहीं दूसरी ओर उनकी ही सरकार के संरक्षण में चल रही गौशाला में इंतजाम के आभाव में गाय की अकाल मृत्यु पर सभी मौन हैं। सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए गाय और मंदिर सिर्फ वोट के लिए देश की जनता को गुमराह करने का एक जरिया है। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे गौमाता की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाएं।