राजनीतिक संवाददाता
भोपाल, 29 दिसंबर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने कांग्रेस द्वारा गठित बाल कांग्रेस सेवा दल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस कुछ भी कर ले, उनकी कोई विचारधारा नहीं है, कांग्रेस एक विचार शून्य पार्टी है। प्रभात झा गुरूवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कोलारस और मुंगावली में होने वाले विधानसभा उपचुनाव सहित अन्य मुद्दों पर मीडिया से चर्चा की। प्रभात झा से जब मध्यप्रदेश में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की सक्रियता पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का एक बड़ा संगठन है, भाजपा के सभी नेता व पदाधिकारी कमल के फूल के नीचे काम करते हैं। भाजपा में संगठन सबसे सर्वोच्च होता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा चुनाव लड़ेगी और चौथी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के तय लक्ष्य से कम सीटें मिलने पर मध्यप्रदेश में निर्धारित ‘अबकी बार 200 पारÓ के लक्ष्य पर कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा इस संकल्प को लेकर मध्यप्रदेश के हर गांव में लेकर जाएगी।
प्रभात झा ने सुरखी के पूर्व कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह राजपूत द्वारा भाजपा की महिला विधायक पारूल साहू पर की गई अभद्र टिप्पणी पर कहा कि गोविंद सिंह राजपूत ने अपनी घटिया मानसिकता का परिचय दिया है। कांग्रेस ने कभी भी महिलाओं का सम्मान नहीं किया, उन्होंने जो बयान दिया है, वो कांग्रेस पार्टी के चरित्र को बताती है।