महिला मोर्चा ने राहुल गांधी से की गोविंद सिंह राजपूत को पार्टी से निकालने की मांग

भाजपा विधायक पर कांग्रेस विधायक द्वारा अभद्र टिप्पणी का मामला
भोपाल 29 दिसंबर। कांग्रेस के पूर्व विधायक गोविंद सिंह राजपूत द्वारा भाजपा की सुरखी विधायक पारूल साहू पर की गई अभद्र टिप्पणी पर भाजपा महिला मोर्चा ने आक्रोश व्यक्त किया है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जिस तरह से कांग्रेस के पूर्व विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने भाजपा की महिला विधायक पारूल साहू के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है,वे विधायक से माफी मांगे।
साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से गोविंद सिंह राजपूत को पार्टी से निकालने की मांग की है। गौरतलब है कि गोविंद सिंह राजपूत ने पिछले महीने की 15 तारीख को एक सभा को संबोधित करते हुए खराब सड़क की तलना पुरानी शराब से करते हुए विधायक को दारूवाली विधायक कहा था। जिसे भाजपा ने अब मुद्दा बना लिया है। गोविंद राजपूत के आरोप और महिला सम्मान व प्रदेश में शराबबंदी व नशामुक्ति अभियान के बारे में पारूल साहू से पूछा तो वे सवालों से किनारा करते हुए नजर आई।
वहीं भाजपा की प्रदेश मंत्री एवं महिला मोर्चा प्रभारी श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को अपमानित करने का काम किया है। सरला मिश्रा हत्याकांड और नैना साहनी हत्याकांड कांग्रेस की दूषित मानसिकता का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महिला हित की बात करने वाली कांग्रेस के नेता सार्वजनिक स्थानों पर किस तरह बेटी को अपमानित करते है, यह कांग्रेस नेताओं के बयान से जाहिर होता है।
महिला मोर्चा ने कहा है कि यदि समय रहते गोविन्द राजपूत के दुराचरण के विरूद्ध कांग्रेस द्वारा कार्यवाही नहीं की गयी तो भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस के विरूद्ध अपने आंदोलन की अगली रूपरेखा पर विचार करेगा। मोर्चा महिला आयोग को भी मामला सौंपकर गोविन्द राजपूत के विरूद्ध कार्यवाही की मांग करेगा।