20वीं राष्ट्रीय वनवासी खेल प्रतियोगिता में ब्वायज जूनियर व सब जूनियर तीरंदाजी
निज संवाददाता
भोपाल, 30 दिसम्बर। सधे हाथों से धनुष पर चढ़ी प्रत्यंचा और अचूक निशानों से आज वनवासी कल्याण परिषद की खेल प्रतियोगिताओं में देश भर से आए वनवासी बालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के 20 वीं राष्ट्रीय वनवासी खेल प्रतियोगिता में आज कमलादेवी पब्लिक स्कूल करोंद के भव्य प्रागंण में बॉयज जूनियर व सब जूनियर तीरंदाजी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी विश्व विद्यालय के कुलपति रामदेव भारद्वाज ने किया। अतिथियों का सम्मान वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृपाप्रसाद सिंह ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख सुनील कुलकर्णी, वनवासी आश्रम राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री अतुल जोग, क्षेत्र संगठन मंत्री प्रकाश काले, खेल विभाग डायरेक्टर उपेन्द्र जैन, रोजगार निर्माण बोर्ड के अध्यक्ष हेमंतराव देशमुख विशेष रूप से मौजूद रहें। वनवासी कल्याण आश्रम वन क्षेत्रों में रहने वाले वनवासी बालक-बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सुदूर वन क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को विश्व स्तर का मंच मुहैया कराती आई है। भोपाल में इनका पहला आयोजन है, जिनमें लगभग 35 प्रांतों से चयनित 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस खेल कुंभ में तीरंदाजी और मॉर्डन खो-खो की प्रतियोगिताए रखी गई है। साथ ही कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए प्रत्येक संध्याकाल भिन्न-भिन्न प्रांतों के लोकनृत्य का आयोजन भी किया गया है। उल्लेखनीय है कि आदिवासी बालक-बालिकाओं से जुड़े इस भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। उन्होंने आदिवासी बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए उनके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेश के पशुपालन मंत्री अंतर सिंह आर्य ने ‘एकलव्यÓ प्रदर्शनी का शुभारंभ किया था। प्रदर्शनी में विश्व के विभिन्न देशों में धर्नुविद्या के इतिहास उद्गम एवं विकास को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही भारत के विभिन्न प्रांतों की जनजातियों द्वारा धर्नुविद्या को अपनाने एवं उसे आत्मरक्षा का यंत्र मानने की प्रक्रिया दर्शायी गई है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद सांस्कृति क संध्या का आयोजन किया जाता हैं, जिसमें मंडला के जनजातीय दल द्वारा खेती किसानी नृत्य तथा बैतूल जिले के दल द्वारा गायकी नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर संजय शाह, सह क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रवीण ढोलके, आयोजन समिति सचिव गुमानसिंह डामोर, संजय सक्सेना, प्रांत संगठन मंत्री कालूसिंह मुझाल्दा, संतोष मीणा तथा डॉ. रामदीन त्यागी मौजूद रहे।