सामाजिक समरसता है एकात्म यात्रा का उद्देश्य

एकात्म यात्रा की तैयारी को लेकर भाजपा पदाधिकारियो की बैठक संपन्न
बैतूल, 3 जनवरी। आदि शंकराचार्य के पावन स्मरण को लेकर निकाली जा रही एकात्म यात्रा की तैयारी को लेकर जिला भाजपा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक यात्रा के संभाग प्रभारी एवं म.प्र.रोजगार निर्माण बोर्ड के अध्यक्ष हेमंतराव देशमुख के मुख्य आतिथ्य एवं जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र कपूर की अध्यक्षता मे विजय भवन मे संपन्न हुई।
बैठक मे विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष सूरजलाल जावलकर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिलसिंह कुशवाह ,यात्रा के जिला प्रभारी नपाध्यक्ष अलकेश आर्य, सह प्रभारी अशोक पांसे, राजेश पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष राजा ठाकुर, शिवप्रसाद राठौर, जितेन्द्र वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश फाटे, नगर परिषद अध्यक्ष सुधाकर पंवार प्रमुख रूप से उपस्थित थे। पदाधिकारियो को संबोधित करते हुए यात्रा के संभाग प्रभारी हेमंतराव देशमुख ने कहा कि इस एकात्म यात्रा का उददेश्य सामाजिक समरसता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के लिए ही आदि शंकराचार्य ने एक हजार वर्ष पूर्व भारत भ्रमण कर चार धाम की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय मध्यप्रदेश की धरती पर बिताया था। इसीलिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने एकात्म यात्रा और औंकारेश्वर मे विशाल प्रतिमा का निर्णय लिया है। श्री देशमुख ने यात्रा को सफल और भव्य बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कपूर ने पार्टी की कार्ययोजना बताते हुए कहा कि यात्रा में हर पंचायत से एक धातु का कलश जिसमें गांव की मिट्टी और जल होगा भेंट करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह आध्यात्मिक, सांस्कृतिक यात्रा है, जो हमारे जिले मे आ रही है तथा हमें शामिल होने का सौभाग्य मिल रहा है। श्री कपूर ने सभी पदाधिकारियों से यात्रा मे शामिल होने और उसे सफल बनाने मे पूरी ताकत लगाने का आव्हान किया। प्रारंभ मे यात्रा के जिला प्रभारी, नपाध्यक्ष अलकेश आर्य ने जिले मे 16 से 18 जनवरी तक निकलने वाली एकात्म यात्रा की जानकारी दी। उन्होने कहा कि यात्रा में किसी एक दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भी शामिल होने की संभावना है। श्री आर्य ने कहा कि हमारे जिले मे जहां से भी यात्रा निकले वहां भव्य स्वागत हो तथा जनसंवाद मे अधिक से अधिक नागरिक शामिल हो इसकी जिम्मेदारी हमारी है। बैठक में जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चो के जिलाध्यक्ष, महामंत्री, प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सहित जनप्रतिनिधि प्रमुख कार्यकर्ता बड़ी संख्या मे उपस्थित थे।