मंदिर के आसपास 60 लाख रूपए की लागत से होगा सौन्द्रीयकरण
रायसेन, 3 जनवरी। जिले के सुल्तानपुर का ऐतिहासिक स्थल टोरिया पहाड़ी पर मां वैष्णो धाम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी के साथ हो रहा है। ऊंची पहाड़ी पर विशाल माता मंदिर का निर्माण कैसे बने इसको लेकर नगर के लोगों ने कितनी ही बार प्रयास किए और राशि एकत्रित कर ऐतिहासिक स्थान पर मंदिर निर्माण हेतु प्रयास किए। पहाड़ी पर बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, किशोर रमानी सहित नगर के अनेक लोगों ने बैठक में भाग लेकर अपने अपने विचार रखे। नगर परिषद अध्यक्ष शैलेंद्र जैन और किशोर रमानी के प्रयासों से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुरेंद्र पटवा से इस ऐतिहासिक स्थान पर एक विशाल माता मंदिर हेतु चर्चा की गई। पर्यटन विभाग के अधिकारियों द्वारा टोरिया पहाड़ी का सर्वे किया गया। अब पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर परिसर में पेवर ब्लाक, सड़क का सीमेंटीकरण, सड़क पर विद्युतिकरण किया जा रहा है। जहां 60 लाख से अधिक राशि के निर्माण कार्य चल रहे हैं।
इस पहाड़ी की ऊंचाई इतनी अधिक है जब इस पहाड़ी पर मां वैष्णो धाम माता का मंदिर बनकर तैयार होगा तो इसे संपूर्ण क्षेत्र में आसानी से देखा जा सकता है।