विवेक अग्रवाल अंतत: सबसे पावर फुल नौकरशाह बने

१३ आईएएस अधिकारियों के तबादले

आरती शर्मा (9993067777)
भोपाल, 5 जनवरी। राज्य शासन ने गुरूवार को 13 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इस सूची में सबसे चर्चित नाम रहा 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी विवेक अग्रवाल का। उन्हें प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री के साथ-साथ नगरीय विकास एवं आवास विभाग का प्रमुख सचिव, एमडी मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड भोपाल, राजधानी परियोजना प्रशासन का प्रशासक बनाया गया है।
इस निर्णय के साथ मुख्यमंत्री ने यह संकेत दे दिया है कि विवेक अग्रवाल मुख्यमंत्री सचिवालय में सबसे भरोसेमंद प्रमुख सचिव के रूप में कार्य करते रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जितनी भी महत्वपूर्ण योजनाएं हैं उनका क्रियान्वयन मध्यप्रदेश में बेहतर से बेहतर कैसे होगा इसकी जवाबदारी संभवत: विवेक अग्रवाल को सौंप दी गई है। इस फेरबदल में प्रमुख सचिव मलय श्रीवास्तव को परिवहन विभाग की कमान सौंपी गई है। इस तबादले के कई मायने निकाले जा रहे हंै। प्रशासनिक जानकारों का कहना है कि अब विवेक अग्रवाल शिवराज सरकार में सबसे ज्यादा पावर फुल नौकरशाह के रूप में उभर गए हैं। यहां तक कि प्रशासनिक फेरबदल में भी उनकी चलेगी। आने वाले समय में मुख्यमंत्री के लिए रणनीति तय करने, उनकी विकास पुरूष की छवि को बरकरार रखने का काम विवेक अग्रवाल बखूबी संभाल सकते हैं शायद शिवराज सिंह चौहान ने ऐसा भरोसा जताया है। राज्य शासन ने इस बड़े फेरबदल में एसीएस वीसी सेमवाल सहित 13 अफसरों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। वीसी सेमवाल एसीएस जेल के साथ-साथ मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के भी प्रमुख रहेंगे, वहीं मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव विनोद कुमार को प्रबंध संचालक अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का एमडी बनाया गया है। वहीं 94 बैच के ही मनीष रस्तोगी एमडी सड़क विकास निगम और पदेन प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग एवं संचालक आरसीपीवी नरोन्हा प्रशासन अकादमी एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल को प्रमुख सचिव राजस्व विभाग एवं प्रमुख राजस्व आयुक्त तथा संचालक आरसीपीवी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रबंध संचालक राज्य औद्योगिक विकास निगम तथा प्रबंधक ट्रायफेक डीपी आहूजा को भी एमडी सड़क विकास निगम, एमडी औद्योगिक विकास निगम तथा एमडी ट्रायफेक का कार्यभार सौंपा गया है। मुख्यमंत्री के सचिव बी चंद्रशेखर को सचिव मुख्यमंत्री के साथ-साथ एमडी इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम तथा मिशन संचालक समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. अशोक कुमार भार्गव अपर आयुक्त राजस्व उज्जैन को सचिव स्कूल शिक्षा विभाग बनाया गया है। आनंद कुमार शर्मा को अपर आयुक्त राजस्व इंदौर संभाग को आयुक्त अनुसूचित जाति कल्याण विभाग बनाया गया है। वहीं अपर आयुक्त राजस्व ग्वालियर डीडी अग्रवाल को सचिव चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है। रजनीश श्रीवास्तव को कमिश्रर शहडोल बनाया गया है। अपर सचिव परिवहन तथा एमडी राज्य सड़क परिवहन निगम राजीव चंद्र दुबे को एमडी राज्य भंडार गृह निगम बनाया गया है। अपर सचिव आयुष विभाग के पतिराम कतरौलिया को अपर आयुक्त उज्जैन संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।