भोपाल। जागरूक भोपाल पोर्टल में अपने स्कूलों से जुडी जानकारी ऑनलाइन दर्ज नहीं करने को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। स्कूल संचालकों द्वारा स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा और स्कूलों में चलाए जा रहे कोर्स व यूनिफार्म आदि की जानकारी ऑनलाइन नहीं की गई है। कलेक्टर सुदाम पी खाडे ने जिला शिक्षा अधिकारी को 610 स्कूलों की एनओसी समाप्त करने के नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। नोटिस में सभी को 11 जनवरी तक का समय दिया जाएगा। इस दौरान स्कूल संचालकों को पोर्टल पर बसों और अन्य जानकारियां दर्ज करना होगा। यदि ऐसा नहीं किया तो स्कूलों की एनओसी समाप्त कर दी जाएगी। प्रशासन द्वारा एकसाथ इतने स्कूलों को नोटिस देने की कार्रवाई पहली बार की जा रही है। मालूम हो कि जिला प्रशासन ने जागरूक भोपाल पोर्टल 15 अप्रैल 2017 को लांच किया था। इसके बाद से अब तक कुल 610 स्कूलों को पोर्टल पर रजिस्टर्ड किया गया है। स्कूल संचालकों को ई-मेल पर आईडी-पासवर्ड दिए गए ताकि वह उसका उपयोग कर पोर्टल पर अपने स्कूल संबंधी जानकारी अपलोड कर सकें। इसमें से सिर्फ 63 स्कूलों के संचालकों ने ही पोर्टल पर जानकारी अपलोड की, जबकि कुछ स्कूलों ने आधी अधूरी जानकारी डाली।