सेंधवा नगर पालिका चुनाव में लोकतंत्र की हत्या: अजय सिंह

भोपाल, 10 जनवरी। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर राजनीति के अपराधीकरण का आरोप लगाते हुए कहा है कि सेंधवा नगर-पालिका चुनाव में जिस तरह से चुनाव परिणाम हासिल किए गए वह लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से सेंधवा नगर-पालिका के चुनाव रद्द कर वहां फिर से चुनाव करवाने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा जनता विश्वास खो चुकी है इसलिए अब वह अपराधियों का सहारा लेकर चुनाव जीतने का घृणित कृत्य करने पर उतर आई है। अजय सिंह ने आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर सेंधवा नगर-पालिका में किस तरह अपराधियों द्वारा चुनाव परिणामों को प्रभावित किया इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अगर इस पर यहीं विराम नहीं लगाया गया तो आम जनता का लोकतंत्र एवं चुनाव प्रक्रिया से विश्वास उठ जाएगा, जो प्रजातंत्र के लिए घातक है। उन्होने कहा कि पूरे चुनाव की प्रक्रिया जिस तरह से हुई है वह हैरान कर देने वाली है। वहां सरेआम दहशत और भय दिखाकर लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया का माखौल उड़ाया गया। श्री सिंह ने कहा कि यह सब सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के संरक्षण में होना शर्मनाक है। नेता प्रतिपक्ष ने लोकतंत्र की रक्षा और आयोग की विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए सेंधवा नगर-पालिका की पूरी चुनाव प्रक्रिया रद्द करने और वहां पुन: चुनाव करवाने की आयोग से मांग की।

विस्थापितों का मामला उठेगा विधानसभा में
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि गुलाब सागर बांध के विस्थापितों के साथ हो रहे अन्याय के मामले को कांग्रेस पार्टी विधानसभा में उठाएगी। अजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसानों और आदिवासियों के साथ अन्याय कर रही है। बड़वानी में सरदार सरोवर बांध के विस्थापितों का पुनर्वास इस सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि यही मंशा गुलाब सागर बांध के मामले में हो रही है। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा के बजट सत्र में इस मामले को जोरशोर से उठाएंगे और हर हालात में विस्थापितों को उनका हक दिलाया जाएगा।