अजय सिंह मुख्य सचिव बनेंगे
विजय कुमार दास
रायपुर, 10 जनवरी। छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्य सचिव विवेक ढांड (1981) ने छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद मुख्य सचिव के रुप में चार साल की लम्बी पारी पूरी की है और मार्च 2018 में रिटायर भी हो जाएंगे। छत्तीसगढिय़ा मूल के पहले मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ राज्य में प्रशासन की परिभाषा कुछ इस तरह रखी की तमाम बाधाओं के बाद भी छत्तीसगढ़ राज्य विकासशील राज्य की श्रेणियों में अग्रणि साबित हुआ, राष्ट्रीय हिन्दी मेल के इस प्रतिनिधि ने आज मंत्रालय में विवेक ढांड के साथ संक्षिप्त मुलाकात की। इस मुलाकात में विवेक ढांड ने अपने चार साल के कार्यकाल में की गई प्रशासनिक सुधार एवं विकास की उत्तरोत्तर फैसले तथा 27 जिलों के कलेक्टरों के साथ अनुशासन की नई परिभाषा गढऩे में एवं रमन सरकार की सकारात्मक छबी स्थापित करने में संतोष व्यक्त किया। जब हमने विवेक ढांड से सवाल किया की यदि मुख्य मंत्री डॉ रमन सिंह आपको छ: माह की सेवावृद्धि देने का प्रस्ताव करे तो आपका रुख क्या होगा? सवाल के उत्तर में मुख्य सचिव ने कहा 37 वर्षों की शासन की सेवा के बाद मैं मात्र छ: माह की सेवावृद्धि के बारे में सोच भी नही सकता । उन्होंने बताया कि रिटायर होने में भले ही मुझे तीन महीना बाकी है लेकिन मैं शासकीय बंगला छोड़कर निजी मकान में शिफ्ट हो गया हूं। इस रोचक प्रसंग का उल्लेख हम इसलिए कर रहे है क्योंकि बड़े-बड़े नौकरशाहों को रिटायरमेंट के बाद भी शासकीय सुविधाएं जैसे बंगला, गाड़ी, चकाचौंध करने वाले प्रोटोकॉल का बड़ा शौक होता है, लेकिन विवेक ढा़ंड उन नौकशाहों में से हैं जिन्होंने साफ-साफ कह दिया है कि सेवावृद्धि न तो मांगूंगा और न लूंगा। श्री ढांड से मुलाकात में आज प्रशासनिक फैसलों को लेकर उनकी राय के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा मुख्य सचिव के बारे में पूछ रहे हैं। तो हमने कहा-जी हां। मुख्य सचिव विवेक ढांड ने इस प्रश्न के उत्तर में पूरी गंभीरता के साथ दावा किया कि हमारे मुख्यमंत्री (डॉ. रमन सिंह) कभी वरीयता की उपेक्षा नहीं करते। डॉ. रमन सिंह के चौदह साल का इतिहास उठा कर देख लीजिए मुख्य सचिव वही बने जो वरीयता के क्रम में सबसे ऊपर थे। तो इस बार भी वैसा ही होना चाहिए। विवेक ढांड के कहने का मतलब वरीयता के क्रम में अगर सबसे ऊपर अजय सिंह (1983) हैं तो फिर अजय सिंह को ही मुख्य सचिव बनने का पहला हक है विवेक ढांड ने आगे यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के लिए किसे मुख्य सचिव बनाना है यह हमेशा से ही गंभीर एवं राजनैतिक सवाल रहा है लेकिन 14 साल का इतिहास गवाह है कि जो सीनियर मोस्ट होता है वही मुख्य सचिव बनता है। बशर्ते किसी प्रकार की कोई गंभीर शिकायत या सेवाकाल में कोई बहुत बड़ा आरोप न लगा हो। विवेक ढांड से मुलाकात का लब्बोलुआब यही था की सबसे पहले वे सेवावृद्धि के पक्ष में नही हैं और दूसरी महत्वपूर्ण बात उन्होंने यह कही जिससे यह स्पष्ट होता है कि छत्तीसगढ़ राज्य के नए मुख्य सचिव अजय सिंह बनेंगे। रहा सवाल रिटायरमेन्ट के बाद रेरा जैसे महत्वपूर्ण एवं संवैधानिक संस्था की जिम्मेदारी सौंपने का सवाल तो विवेक ढांड अपने चित-परिचित अंदाज में मुस्कुराते हुए टाल गए।