बैतूल, 13 जनवरी। जिले भर में सक्रिय गौ सेवक संघ द्वारा वर्षों से गौ सेवा के लिए तत्पर रहकर नि: शुल्क कार्य किया जा रहा है। लेकिन सरकार की अनदेखी के चलते उन्हें गौसेवा में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे आक्रोशित गौसेवकों ने आज कलेक्ट्रेट के सामने एक दिवसीय धरना देकर अपना विरोध प्रदर्शन किया है। गौ सेवक संघ ने अपनी प्रमुख मांगो को लेकर शुक्रवार कलेक्ट्रेट के सामने धरना प्रदर्शन कर अपर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। संघ के जिला अध्यक्ष कुमान सिंह राजपूत ने बताया कि हम गौ सेवक पशुपालन विभाग एवं सरकार की महत्वपूर्ण कड़ी है। गौ सेवक संघ द्वारा विगत 20 वर्षो से प्रशिक्षण उपरांत अपने-अपने क्षेत्रों में नि: शुल्क सक्रियता से कार्य कर रहे है। लेकिन शासन द्वारा आज तक गौ सेवकों की ओर कोई ध्यान नही दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से गौ सेवक संघ ने मांग की है कि हमें नियमित मानदेय प्रदान किया जाए तथा प्रत्येक गौ सेवक को औषधीय किट प्रदान की जाए। ज्ञापन सौंपने वालो में प्रमुख रूप से जिला गौ सेवक संघ के संगठन मंत्री नंदकिशोर बारस्कर, जिला सचिव रमेश लोखंडे, सहायक सचिव महेन्द्र अमोतकर, जिला कोषाध्यक्ष युगल किशोर सूर्यवंशी एवं जिले के सभी ब्लॉक के अन्य गौ सेवक मौजूद थे।