रायसेन, 13 जनवरी। स्वामी विवेकानन्द जी के जन्म-दिवस युवा दिवस के उपलक्ष्य में सामूहिक सूर्य नमस्कार जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों, आश्रम-शालाओं सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किया गया। जिले में 1 लाख 30 हजार 249 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा जनप्रतिनिधियों ने सूर्य नमस्कार किया।
जिला मुख्यालय स्थित खेल स्टेडियम में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें 7 हजार 872 स्कूली बच्चें तथा नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के आरंभ में आकाशवाणी द्वारा प्रसारित स्वामी विवेकानंद जी पर केन्द्रित प्रेरणादायी संस्मरण सुनवाए गए तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का युवाओं के नाम संदेश का प्रसारण सुनवाया गया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष जमना सेन तथा कलेक्टर, भावना वालिम्बे, एसपी श्री जगत सिंह राजपूत ने छात्र-छात्राओं के साथ सामूहिक सूर्यनमस्कार किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे ने कहा कि जीवन में संतुलन बहुत आवश्यक है और जीवन को संतुलित करने में योग-ध्यान का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि शारीरिक, मानसिक विकास के लिए सूर्य नमस्कार नियमित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार से शरीर के बाहरी और भीतरी सभी अंगों का सम्पूर्ण व्यायाम होता है। सूर्य नमस्कार से शरीर में नई चेतना और स्फूर्ति का संचार होता है। इससे सकारात्मक उर्जा उत्पन्न होती है जो हमें रचनात्मक कार्यों की ओर अग्रसर करती है।
एक लाख से अधिक लोगों ने किया सूर्य नमस्कार: जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में एक लाख 30 हजार 249 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा जनप्रतिनिधियों ने सूर्य नमस्कार किया। जिले के सांची विकासखण्उ में 18 हजार 190, गैरतगंज विकासखण्ड में 14 हजार 340, बेगमगंज विकासखण्ड में 18 हजार 663, सिलवानी विकासखण्ड में 16 हजार 82, उदयपुरा विकासखण्ड में 23 हजार 511, बाड़ी विकासखण्ड में 17 हजार 491 तथा औबेदुल्लागंज विकासखण्ड में 21 हजार 972 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों तथा नागरिकों ने सामूहिक सूर्यनमस्कार किया।
बेगमगंज में हुआ सूर्य नमस्कार
बेगमगंज। शुक्रवार को नगर में स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को युवा दिवस के रूप में मनाया गया, जिसमें विकासखंड स्तरीय सामूहिक सूर्यनमस्कार शा.उत्क्रष्ट विद्यालय के मैदान में आयोजित किया गया। सामूहिक सूर्यनमस्कार में नागरिकों ने हजारों की संख्या में भाग लिया और किया। नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मलखान सिंह जाट, तहसीलदार राजेश सिंह, मंडल अध्यक्ष सुरेश ताम्रकार उत्क्रष्ट विद्यालय प्राचार्य एस.एल.अहिरवार, बी.आर.सी.भगवान सिंह खंगार आदि मौजूद थे।