गृहमंत्री ने खुरई को दी करोड़ों की सौगातें

निज संवाददाता
खुरई, 14 जनवरी। गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने शनिवार 13 जनवरी को खुरई में बैडमिंटन कोर्ट और किला गेट पर तोप के लोकार्पण सहित अनेक बड़े निर्माण कार्यों की सौगात दी। उन्होंने अपने खुरई निवास पर क्षेत्र के कोटवारों को भोज पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। साथ ही डोहेला महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में 90 लाख रूपए लागत के नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण किया।
नगर के मध्य स्थित एतिहासिक किले के सौंदर्यीकरण में एक और चांद लगाते हुए किला गेट पर स्थापित नई तोप का लोकार्पण किया। मंत्री श्री सिंह ने पं. दीनदयाल वार्ड में प्रस्तावित पार्क निर्माण, नेहरू वार्ड में शॉपिंग कॉम्पलेक्स चंदेल वार्ड में खेल परिसर निर्माण तथा इसी वार्ड के हनौता में गौशाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। खुरई स्थित निज निवास पर मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कोटवारों का सम्मेलन कर भोज पर आमंत्रित किया तथा उपहार भेंट किए। सम्मेलन में मंत्री श्री सिंह ने कहा कि ग्राम के विकास, पुख्ता जानकारियों के संकलन और समाज में सामंजस्य बनाने में कोटवार महत्वपूर्ण कड़ी है। सरकार के सारे निर्णयों की सफलता कोटवार के हाथ में होती है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वे चाहते हैं कि क्षेत्र का प्रत्येक कोटवार उनसे सीधे सम्पर्क में रहे। क्योंकि गांव में सामंजस्य बनाने में आप ही महत्वपूर्ण कड़ी है।