पोलिंग बूथ तक हमारी पहुंच हो: भगत

भोपाल, 14 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आईटी, वेबसाइट, सोशल मीडिया विभाग के जिला संयोजक एवं सभी मोर्चो के जिला सोशल मीडिया प्रभारी की संयुक्त कार्यशाला को पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं विभाग के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने संबोधित करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि पिछले 14 वर्षों से मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और शिवराजसिंह चौहान 12 वर्षों से मुख्यमंत्री हैं। हमारी सरकार ने इन 12 वर्षों में मध्यप्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदली है। सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करना हमारा नैतिक कत्र्तव्य है।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में आईटी, सोशल मीडिया का अपना अलग स्थान और महत्व है। हम जितना अधिक सोशल दुनिया में हमारी सरकार और दल की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। उतना अधिक पार्टी का लाभ होगा। आईटी, वेबसाइट, सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश और दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। संख्या बल के साथ ही सोशल मीडिया पर भी हमारी पहुंच और ताकत बढ़ी है।
उन्होंने सोशल मीडिया का बेहतर उपयोग करने की बात कही। मालवीय ने कहा कि 2003 के पूर्व मध्यप्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ा हुआ था। सिंचाई, सड़कें, कृषि और विभिन्न क्षेत्रों का विकास अवरूद्ध था। बीते 14 वर्षों में भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में न सिर्फ उपलब्धियां अर्जित कीं, बल्कि विकास के नये आयाम देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किये हैं।
14 वर्षों में राज्य का बजट 5 गुना बढ़ा है। सड़कों का जाल 2 गुना बढ़ा है, सिंचाई का रकबा 40 लाख हेक्टयर तक पहुंचा है और यह सब मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी सरकार की उपलब्धी हैं। इन उपलब्धियों का सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करें।