सेंचुरियन, 16 जनवरी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक बनाते ही टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने एक अहम रिकार्ड भी अपने नाम किया है। विराट दक्षिण अफ्रीका में दो टेस्ट शतक वाले दूसरे भारतीय क्रिकेटर गए हैं। इसके साथ ही वह दूसरे भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने यहां शतक लगाया है। उनसे पहले सचिन तेंडुलकर ने यह कारनामा किया था। तेंडुलकर ने भारत के 1996-97 के दौरे पर केप टाउन में 169 रनों की पारी खेली थी। यह किसी भारतीय कप्तान द्वारा दक्षिणअफ्रीका में लगाया गया एकमात्र शतक था। वहीं, विराट ने दिसंबर, 2013 में जोहानिसबर्ग में 119 रनों की पारी खेली थी पर उस समय वह कप्तान नहीं थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मैच के तीसरे दिन उन्होंने अपने 65वें टेस्ट में 21 वां शतक लगाया। मैच के दूसरे दिन कोहली 85 रनों पर नाबाद लौटे थे। तीसरे दिन उन्होंने 2 रन बनाकर अपना शतक पूरा किया। कोहली जब बल्लेबाजी करने उतरे तो भारत दो विकेट पर 28 रन बनाकर संकट में था, लेकिन कप्तान ने संयम और आक्रमकता के सही संतुलन के साथ अपनी पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने पहले तीसरे विकेट के लिए मुरली विजय के साथ 79 रनों की साझेदारी की। विजय 46 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी विराट मैदान पर जमे रहे।