बैतूल, 16 जनवरी। बैतूल जिले में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को अब प्रिया आर्ट क्लास के द्वारा प्रदेश स्तर पर ही नही अपितु पूरे विश्व स्तर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रिया आर्ट क्लास के डायरेक्टर मनोज तिवारी ने बताया कि स्वच्छता अभियान को लेकर हमारे दुनिया की सबसे बड़ी रांगोली बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जो गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज हो सकती है। इस रांगोली का विषय ”स्वच्छ भारत-स्वच्छ बैतूल पर आधारित है। इस रांगोली को 10 एकड़ के क्षेत्रफल में डालने का प्रयास किया जा रहा है। श्री तिवारी ने बताया कि इस पूरे प्रयास में हमें एक हजार एक सौ ग्यारह सदस्यों की आवश्यकता होगी जिसमें मुख्यत: एक हजार एक बालिकाएं, एवं एक सौ ग्यारह एक्सपर्ट रहेंगे। इसमें हमें एक लाख साठ किलो रांगोली लगेगी। इस पूरे अभियान में हमें लगभग 10 लाख रूपए खर्च आने की संभावना है। इस अनूठे प्रयास में हमें बैतूल के विधायक व नपाध्यक्ष एवं अन्य प्रशासनिक विभाग का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
हमारे इस आयोजन में मुख्य संयोजी के रूप में विधायक हेमंत खंडेलवाल, कलेक्टर शशांक मिश्र, नपाध्यक्ष अलकेश आर्य, समाजसेवी सुनील द्विवेदी, संजय शुक्ला, नेहरू युवा केन्द्र के जिला समन्वयक शिवपाल सिंह राजपूत, समाजसेवी मनीष दीक्षित, उमेश गीद, हरिहर डोमने, महेन्द्र वर्मा, आरती देवले, निखिल अग्रवाल एवं रांगोली के मुख्य निर्माणकर्ता सुधीर जोशी की प्रमूख भूमिका है।