भोपाल, 16 जनवरी। राजधानी भोपाल अर्बन के नए डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी ने आज सोमवार को अपना पदभार ग्रहण किया है। इससे पूर्व वह डीआईजी रतलाम में पदस्थ थे। डीआईजी भोपाल के एडिशनल चार्ज होल्डर आईजी संतोष कुमार सिंह ने नए डीआईजी चौधरी को चार्ज सौंपा है। डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी ने कहा कि राजधानी भोपाल में लॉ एंड आर्डर को व्यवस्थित रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसमें महिला अपराधों पर लगाम करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। डीआईजी चौधरी का कहना है कि उन्होंने भोपाल संभाग के विदिशा जिले में साढ़े चार साल नौकरी की है। राजधानी भोपाल में पदस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की कार्यशैली का आंकलन कर आगे की रणनीति तैयार कर उस पर अमल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में पुलिस कर्मचारियों को फिट रहने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।