भोपाल, 7 दिसम्बर। शास्त्रीय संगीत के सुप्रतिष्ठित गायक पंडित उल्लास कशालकर को मध्यप्रदेश शासन का वर्ष 2017 का राष्ट्रीय तानसेन सम्मान प्रदान किया जाएगा। हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में स्थापित इस सम्मान के अंतर्गत दो लाख रुपए की आयकर-मुक्त राशि, सम्मान पट्टिका, शॉल-श्रीफल प्रदान किया जाता है। पंडित उल्हास कशालकर को 22 दिसम्बर को ग्वालियर में प्रतिष्ठित तानसेन संगीत समारोह में इस सम्मान से विभूषित किया जाएगा। पंडित उल्हास कशालकर को सम्मान से विभूषित करने का निर्णय हाल में चयन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। समिति में शास्त्रीय गायक पंडित सत्यजीत देशपाण्डे, पखावज वादक पंडित डालचन्द शर्मा, गिटार वादिका डॉ. कमला शंकर, संगीत समीक्षक मंजरी सिन्हा एवं रवीन्द्र मिश्र शामिल थे।