किसान विरोधी हो गए हैं मुख्यमंत्री: अजय सिंह

भोपाल, 6 दिसंबर। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शिवपुरी जिले के बदरवास में किसान पुत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आमसभा में भावांतर योजना के खिलाफ विरोध जता रहे किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि किसान पुत्र मुख्यमंत्री अब किसान विरोधी मुख्यमंत्री हो गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बदरवास में मुख्यमंत्री के सामने किसानों द्वारा किए जा रहे विरोध को शिवराज के कुशासन के खिलाफ व्यापक पैमाने पर पनप रहे आक्रोश की अभिव्यक्ति बताया है। अजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक है। वह किसानों और आम लोगों की आवाज को दबाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 6 जून को मंदसौर जिले के पिपल्यामंडी पर किसानों की छाती पर गोली चलाने, टीकमगढ़ में 4 अक्टूबर को किसानों के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज कर उनके कपड़े उतरवाकर थाने में पिटाई, इसी जिले में शिकायत करने पर किसानों को मुर्गा बनाने की घटनाएं बताती हैं कि भाजपा सरकार की उलटी गिनती की शुरूआत हो चुकी है। अजय सिंह ने कहा कि किसानों का यह आक्रोश वाजिब है। पिछले 12 साल में मुख्यमंत्री ने झूठी घोषणाएं की हैं और किसानों को धोखा दिया है। भावांतर योजना के बाद किसान इस सरकार से उम्मीद खो चुकी है। यही कारण है कि अब मुख्यमंत्री को लोग सुनना नहीं चाहते, क्योंकि अब वे जो भी बोलते हैं, वह झूठा ही साबित होता है।