कोलारस -मुगांवली में बढ़ी सरगर्मी

भोपाल,10 दिसंबर। चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद अब भाजपा किसी भी कीमत पर मुंगावली और कोलारस विधानसभा सीट को अपने कब्जे में लेना चाहती है। अभी तक चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं किया है,इसके बाद भी भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों ने डेरा डालना शुरू दिया है। चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को मिली जीत से कांग्रेसियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस ने चित्रकूट में जो स्ट्रेटजी अपनाई थी,वही मुंगावली और कोलारस में अपनाने वाले हैं,इसके लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।
यह दोनों सीटें कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाली सीटें हैं,ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। तो वहीं भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं, चुनाव की तरीख का ऐलान होने से पहले ही मुख्यमंत्री ने मुंगावली में घोषणाओं की बौछार लगा दी है। विगत दिवस उन्होंने मुंगावली के सेसई में आम सभा के दौरान करोड़ो रूपए के निर्माण कार्य की घोषणा की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत,प्रदेश सहसंगठन महामंत्री अतुल राय, प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, मंत्री रामपाल सिंह,भूपेंद्र सिंह, पारस जैन, उमाशंकर गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों को मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं कांग्रेस की तरफ ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमलनाथ, प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव, मोर्चा संभाले हुए हैं।