भाजपा शिखर पर रह इसके लिए विस्तारकों का कार्य महत्वपूर्ण – शर्मा

ठाकरे जी के रास्ते पर चलकर संगठन को बनाएंगे मजबूत
उज्जैन: भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है। जिस शिखर पर भाजपा आज पहुंची है वह स्थिति दशकों तक बनी रहे, इसके लिए पूर्णकालिक विस्तारकों की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण है। वास्तव में यह योजना संगठन के विस्तार के लिए, संगठन की मजबूती के लिए है। मध्यप्रदेश में 65000 बूथों पर पर इस योजना के तहत कार्य होगा और प्रदेश में भाजपा पुन: इतिहास बनाने का काम करेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने उज्जैन के विक्रम कीर्ति मंदिर में आयोजित चार जिलों की कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कही।
मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा के अनुसार भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष में संगठन के विस्तार के लिए बूथ विस्तारक योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत गुरुवार को उज्जैन के विक्रम कीर्ति मंदिर में उज्जैन नगर, उज्जैन ग्रामीण, शाजापुर, देवास और आगर जिले की कार्यशाला आयोजित की गई।
श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश संगठन की पहचान हमेशा आदर्श संगठन के तौर पर रही है। हम मध्यप्रदेश के संगठन को इतना सक्षम बनाएंगे कि वह हर मापदंड पर खरा उतरे। इसके लिए प्रदेश के सभी बूथों पर विस्तारक योजना का काम होगा और इसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आधे दिन विस्तारक के रूप में कार्य देखेंगे। यह योजना संगठन की मजबूती के लिए बहुत महत्वाकांक्षी योजना है। साथ ही स्वावलंबी मंडल, सक्रिय शक्ति केन्द्र और सक्षम बूथ बनाने के लिए भी अहम है। कार्यशाला को प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जोशी ने भी सम्बोधित किया इस अवसर पर जिला प्रभारी विष्णु खत्री, नगर अध्यक्ष विवेक जोशी मंचासीन थे। कार्यशाला में उज्जैन नगर, उज्जैन ग्रामीण, शाजापुर जिला, आगर जिला, देवास जिले के जिला अध्यक्ष, संगठन जिला प्रभारी, योजना के प्रभारी जिला महामंत्री, जिला कार्यालय मंत्री, मंडल विस्तारक एवं मंडल अध्यक्षों ने भाग लिया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुरसिंह चौहान, चिंतामणि मालवीय, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अनिल जैन कालूहेड़ा, जगदीश अग्रवाल उपस्थित थे । कार्यशाला का संचालन कार्यक्रम प्रभारी विशाल राजोरिया ने किया। आभार ग्रामीण जिलाध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला ने माना।
ठाकरे जी के रास्ते पर चलकर संगठन को बनाएंगे मजबूत
श्री शर्मा ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे जी के जन्म शताब्दी वर्ष में संगठन कार्य विस्तार व संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए हमें वर्ष भर कार्य करना है। स्व. ठाकरे जी ने जिस प्रकार मध्यप्रदेश भाजपा संगठन को खड़ा किया उसी कार्यपद्धति से संगठन का काम और आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। ठाकरे जी ने आजीवन सहयोग निधि की शुरूआत की, आज पूरे देश में पार्टी संगठन आजीवन सहयोग निधि से चलता है। भाजपा में एक बूथ कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष व देश का गृहमंत्री बन सकता है। इसका उदाहरण हमारे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हैं और यह भाजपा में ही सम्भव है।