नई दिल्ली – भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को अभी तक 2022 राष्ट्रमंडल खेलो में से निशानेबाजी स्पर्धा को हटाने की अधिकारिक पुष्टि नहीं मिली है लेकिन उसने कहा कि वह आयोजकों से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिये कहेंगे। ऐसी रिपोर्ट आ रही हैं कि निशानेबाजी को बर्मिंघम खेलों के कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जायेगा, हालांकि मीडिया के कुछ वर्ग ने कहा कि अभी तक इस पर फैसला नहीं हुआ है।
निशानेबाजी एक वैकल्पिक खेल है और यह प्रत्येक राष्ट्रमंडल खेलों में अनिवार्य 10 कोर खेलों में शामिल नहीं है। मेजबान देश वैकल्पिक खेलों-स्पर्धाओं की सूची में सात को शामिल कर सकता है। निशानेबाजी को किंग्स्टन 1966 में शामिल करने के बाद से एडिनबर्ग 1970 को छोड़कर प्रत्येक राष्ट्रमंडल खेलों में इसका आयोजन होता रहा है।
भारत राष्ट्रमंडल खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले देशों में शामिल रहा है। निशानेबाजी स्पर्धा में सर्वकालिक पदक तालिका में 56 स्वर्ण, 40 रजत और 22 कांस्य लेकर इस समय दूसरे स्थान पर है।