प्रशिक्षणरत 46 कार्यवाहक एसआई को कराया गया डायल-112/100 कन्ट्रोल रूम भोपाल का भ्रमण
विशेष संवाददाता
भोपाल, 24 मार्च। राज्य स्तरीय पुलिस कन्ट्रोल रूम डायल-112/100 भोपाल में 46 कार्यवाहक उपनिरीक्षकों द्वारा भ्रमण किया गया। ये पुलिस अधिकारी पुलिस प्रशिक्षण शाला भौंरी में इंडक्शन कोर्स कर रहे हैं। भ्रमणकर्ता अधिकारियों को डायल-112/100 की टीम द्वारा डायल-112/100 सेवा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई एवं उन्हें कॉल टेकर कक्ष एवं डिस्पेचर कक्ष का भ्रमण कराकर उन्हें किसी प्राप्त सूचना पर होने वाली कार्यवाही से अवगत कराया गया। प्रशिक्षणरत पुलिस अधिकारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रेडियो) अमित सिंह द्वारा संबोधित किया गया। सिंह ने पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्र में पब्लिक ऑर्डर बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव दिये।
सिंह द्वारा बताया गया कि पुलिस को अपने क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक संरचना तथा आर्थिक व्यवस्था का ज्ञान होने के साथ साथ क्षेत्र के अपराधी, उपद्रवियों को चिन्हित कर उनकी जानकारी संकलित करना भी आवश्यक है। क्षेत्र के आम जनता के साथ संवाद स्थापित कर पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था के प्रति उनमे विश्वास जागृत किया जा सकता है। भ्रमण उपरांत प्रशिक्षणरत पुलिस अधिकारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रेडियो ) अमित सिंह द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किए। भ्रमण कार्यक्रम के समय पुलिस अधीक्षक डायल-100 श्रीमती बीना सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (रेडियो) एसके गुप्ता निरीक्षक (रेडियो) देवेन्द्र सिंह परिहार, निरीक्षक (रेडियो) मोहन सिंह, उप निरीक्षक (रेडियो) गजेन्द्र सिंह रघुवंशी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।