मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पशुपतिनाथ मंदिर प्रांगण में सहस्त्र शिवलिंग महादेव की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा पूजा-अर्चना के साथ की। इसका निर्माण लगभग 4 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से किया गया है। इसी दौरान मंदिर में स्थापित देश के सबसे बड़े 37 टन पीतल धातु से निर्मित महाघंटे का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री लगातार 3 दिन से मंदिर परिसर में चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति में भी शामिल हुए। इस दौरान भानपुरा पीठ के महाराज शंकराचार्य ज्ञानान्द जी तीर्थ, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री जगदीश देवड़ा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सांसद सुधीर गुप्ता सहित विधायक जन-प्रतिनिधि बड़ी संख्या में नागरिक और धार्मिक श्रद्धालु, मौजूद थे।
अद्भुत है भारतीय सनातन संस्कृति -मुख्यमंत्री चौहान: मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारतीय
सनातन संस्कृति सचमुच में अदभुत है। भारतीय धरा पर बच्चों को बचपन से ही धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो और विश्व का कल्याण हो, का पाठ पढाया जाता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मानव जीवन को सार्थक बनाना है तो पशुपतिनाथ भगवान दर्शन के लिए मंदसौर जरूर आईये। मंदसौर में जन्म लेने वाले सभी लोग सौभाग्यशाली हैं। मुख्यमत्री चौहान ने मंदसौर वासियों का आहवान किया कि वे शिवना नदी शुद्धिकरण में सहयोग का संकल्प लें। शासन और आम जनता शिवना के शुद्धिकरण का कार्य मिलकर करें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हर वर्ष 8 दिसम्बर को मंदसौर का गौरव दिवस मनाया जायेगा। इस दिन मैं भी मंदसौर आऊँगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत विद्यालय में पढऩे वाले बटुकों को भी छात्रवृत्ति प्रदान करने निर्णय शासन ने लिया है। ऐसे मंदिर जिनके नाम जमीन नहीं है, उन मंदिर के पुजारियों को 5 हजार रूपये मानदेय दिया जायेगा। मंदिर की जमीन पुजारी नीलाम कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने आहवान किया कि महाशिवरात्रि पर पूरा मंदसौर शहर दीपों से जगमगाये। सभी लोग अपने घर, आँगन एवं सम्पूर्ण शहर का दीपों से श्रंगार करने का संकल्प ले। कार्यक्रम को भानपुरा पीठ के शंकराचार्य ज्ञानान्द जी तीर्थ ने भी संबोधित किया। शंकराचार्य ज्ञानान्द जी तीर्थ एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दशपुर प्राच्य शोध संस्थान मंदसौर द्वारा प्रकाशित ‘अद्वितीय सहस्त्रलिंग’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने रूद्राक्ष का पौधा रोपा: मुख्यमंत्री चौहान ने पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में रूद्राक्ष का पौधा रोपा सहस्त्रलिंग मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर अभिषेक भी किया। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कर मंदसौर जिला और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं जन-कल्याण की कामना की। उल्लेखनीय है कि सहस्त्र शिवलिंग मंदिर का भूमि-पूजन वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री चौहान द्वारा ही किया गया था। मंदिर लगभग 4 वर्ष में बनकर तैयार हुआ है। शिवना नदी के तट पर निर्मित यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए यह एक नया तीर्थ होगा। सहस्त्र शिवलिंग महादेव की मूर्ति को विदेशी आक्रमणकारियों ने शिवना नदी में फेंक दिया था, जिसे लगभग 50 वर्ष पहले शिवना नदी के गहरीकरण के दौरान नदी से बाहर निकाला गया।
रानी पद्मावती बाईसा छात्रावास का भूमि-पूजन: मुख्यमंत्री चौहान ने रेवास देवड़ा रोड पर राजपूत समाज के रानी पद्मावती बाईसा छात्रावास का भूमि-पूजन भी किया।
मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के साथ मिलेंगी चिकित्सा-विशेषज्ञों की सेवाएँ: शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंदसौर जिले में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त अंशदान से 270 करोड़ 59 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि एक संसदीय क्षेत्र में 3 मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। यह मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के लिए वरदान साबित होंगे। इन मेडिकल कॉलेजों में श्रेष्ठ डॉक्टरों की टीम द्वारा उपचार किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज को बनाने के लिए तीन अलग-अलग जगह पर 73 हजार वर्ग मीटर से अधिक जमीन का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शहर में स्वास्थ्य सुविधा को बढ़ावा देने के लिए मेडिकल कॉलेज मील का पत्थर साबित होगा। आगामी 3 वर्ष में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद जिले के नागरिकों को इलाज के लिए उदयपुर, अहमदाबाद, इंदौर जैसे बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। जिले की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी। मेडिकल कॉलेज में ट्रामा सेंटर, न्यूरो एक्सपर्ट की व्यवास्था भी होगी, जिससे नागरिकों को कम से कम खर्च में बेहतर उपचार मिल सकेगा। साथ ही शहर में आर्थिक गतिविधियाँ तेजी से बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पशुपतिनाथ की नगरी में शिवना नदी के शुद्धिकरण का अभियान चलया जाएगा। इसके लिए कार्य-योजना बनाकर राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने इस पुनीत कार्य में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने का आहवान किया।
मुख्यमंत्री ने की ई-रिक्शा की सवारी: मुख्यमंत्री चौहान ने गनेड़ीवाल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रदान किए गए 50 ई-रिक्शा जरूरतमंद महिलाओं को प्रदान किये। साथ ही आरटीओ विभाग द्वारा तैयार किए गए लाइसेंस एवं बीमा संबंधी दस्तावेज महिलाओं को सौंपे। मुख्यमंत्री चौहान जन-प्रतिनिधियों के साथ ई-रिक्शा की सवारी कर मंच तक पहुँचे। स्व-रोजगार के लिए महिलाओं को उपलब्ध कराये गये ऑटो ई-रिक्शा का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की।
माँ के चरणों में सब प्रणाम करें, माँ से बड़ी कोई दौलत नहीं: मुख्यमंत्री चौहान ने सभी को मदर्स-डे की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि माँ के चरणों में सब प्रणाम करें। माँ से बड़ी कोई दौलत नहीं है। जब कोई वृद्धाश्रम खोलने की बात करता है तो मुझे बहुत तकलीफ होती हैं। यह पश्चिमी सभ्यता की देन है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून बना दिया गया है कि सक्षम होते हुए भी जो लोग माता-पिता की सेवा और देखभाल नहीं करते हैं, उन पर जुर्माने के साथ जेल भेजने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बेटा-बेटियों में कोई भेदभाव न करें। सबको आगे बढऩे का समान अधिकार दें। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का अभियान चलाया जा रहा है। पोषण आहार बनाने का कार्य अब ठेकेदार नहीं करेंगे, उनके स्थान पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पोषण आहार निर्माण के लिए 8 फैक्ट्री खोली हैं। इनका संचालन भी महिला समूह कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए उन्हें राशन वितरण, फसल खरीदी के साथ स्कूलों के गणवेश तैयार करने का कार्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी तादाद में महिला समूहों द्वारा स्थानीय उत्पाद तैयार किये जा रहे हैं। उनके उत्पादों को मार्केट उपलब्ध कराने का कार्य भी राज्य सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री को भेंट की लहसुन की चटनी और अचार: मुख्यमंत्री चौहान को स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने लहसुन की चटनी और अचार भेंट किया। उल्लेखनीय है कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ में मंदसौर जिले में लहसुन का चयन किया गया है। इससे महिला समूह विभिन्न उत्पाद स्थानीय स्तर पर तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने महिलाओं के द्वारा तैयार उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुझे भेंट किये गये लहसुन के अचार और चटनी मैं अपने पास रखूंगा और इसका प्रचार भी करूंगा।
दलोदा को नगर पंचायत बनाया जाएगा: मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम पंचायत दलोदा को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंदसौर का गौरव दिवस हर वर्ष 8 दिसंबर को मनाया जाएगा। इसी दिन सम्राट यशोधर्मन ने हूणो पर विजय प्राप्त की थी। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बिजली चलित सिलाई मशीन और माटी कला का काम करने वाले कुंभकार को इलेक्ट्रॉनिक शेला चाक प्रदान किया गया। पाकिस्तान से आकर भारत की नागरिकता प्राप्त करने वाले 5 लोगों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की।
मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या-पूजन से किया। सांसद सुधीर गुप्ता और विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी संबोधित किया। इस दौरान वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री जगदीश देवड़ा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, पूर्व मंत्री कैलाश चावला सहित विधायक, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।