कोलारस और मुंगावली में कांग्रेस का पलड़ा भारी
हृदेश धारवार
भोपाल, 26 दिसंबर। मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा द्वारा कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर लगातार किए जा रहे हमलों के बाद भी मतदाताओं का रूझान ज्योतिरादित्य सिंधिया की तरफ बढ़ता जा रहा है। दोनों ही विधानसभा सीट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की सहमति से टिकिट दिए जाएंगे। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद भाजपा भले ही कोलारस और मुंगावली विधानसभा सीट जीतने का दावा कर रही हो, लेकिन दोनों ही सीट पर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना हुआ है। कोलारस में 50 प्रतिशत मतदाता कांग्रेस के पक्ष में हैं, यहां 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामसिंह यादव को कुल मतदान का 46.45 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे, वहीं भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार जैन को 30 प्रतिशत बोट मिले थे। यही स्थति मुंगावली विधानसभा में रही थी, यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह कालूखेड़ा को 51.24 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे, और भाजपा प्रत्याशी राव देशराज सिंह 36 प्रतिशत वोट ही हासिल कर पाए थे। शिवराज सरकार के 12 साल पूर्ण होने के बाद भी हालात जस के तस हैं। क्षेत्र के युवा और किसान ज्योतिरादित्य सिंधिया को अगले मुख्यमंत्रीके तौर पर देख रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा की तरफ से लगातार हो रहे हमलों के बाद भी क्षेत्रीय माहौल सिंधिया के पक्ष में बना हुआ है। हालांकि अभी दोनों ही सीट पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। इसके बाद भी भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता क्षेत्र में जमे हुए हैं।
क्षेत्रीय जानकारी के मुताबिक कोलारस और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव में किसान और युवा भाजपा के खिलाफ हैं, किसानों को फसल का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है, वहीं युवा रोजगार नहीं मिलने से सरकार के नाराज हैं।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्र के सहरिया और आदिवासी समुदाय को रिझाने के प्रयास किए और उपहार वितरित किए थे, लेकिन मुख्यमंत्री के जाने के बाद ही अधिकारियों ने आदिवासियों से उपहार वापस ले लिए थे। जिसकी वजह से आदिवासी वर्ग में शिवराज सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना तो लागू कर दी, लेकिन किसानों के खाते में अभी तक लाभांश की राशि जमा नहीं कराई गई है। इसकी वजह से यहां के किसान भी शिवराज सरकार से खफा हैं।
2013 में कोलारस विधानसभा क्षेत्र में 219586 मतदाता थे, जिसमें 119043 पुरूष मतदाता और 100539 महिला मतदाता थे। वहीं मुंगावली में कुल 179769 मतदाता थे, जिसमें 97167 पुरूष मतदाता व 82600 महिला मतदाता थे। कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी रामसिंह यादव को 73942 मत मिले थे, वहीं भाजपा प्रत्याशी को 48989 मत प्राप्त हुए थे। वहीं मुंगावली में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह कालूखेड़ा को 70675 मत मिले थे और राव देशराज सिंह को 49910 मत प्राप्त मिले थे।
युवा बेरोजगारी को मुद्दा बनाएगा यूथ कांग्रेस: कुणाल चौधरी
यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने कहा कि मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव में यूथ कांग्रेस युवा बेरोजगारी को मुद्दा बनाएगी। उन्होंने कहा कि घोषणावीर मुख्यमंत्री ने सिर्फ घोषणाएं की हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार देने में शिवराज सरकार फेल हुई है। जिस तरह कांग्रेस ने चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव जीता है, उसी रणनीति से मुंगावली और कोलारस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत होगी।