जबबिगड़ा नेताजी की उम्र का गणित
चुनाव के आते-आते स्थानीय नेता सक्रिय हो जाते हैं। उससे भी अधिक उनके विश्वासपात्र अपने प्रिय नेता को हाईलाइट करने के अवसर ढूंढते रहते हैं। अब मामला 74 बंगले स्थित एक मंत्री के घर का ही ले लीजिए। कई वर्षों से यहां निवासरत् मंत्री महोदय का जन्मदिन जल्द आने वाला है, लिहाजा उनके कार्यकर्ताओं ने जोशो-खरोश से जन्मदिन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मजे की बात यह है कि होर्डिंग बनवाने पहुंचे एक छुटभैये नेता ने अति-उत्साह में होर्डिंग बनवाना तो शुरू कर दिया, लेकिन गणित में कमजोर इन महाशय को मंत्रीजी की सही उम्र का अंदाजा लगाना भारी पड़ गया। भाईसाहब ने दर्जनों जगह फोन कर मंत्रीजी के जन्मदिन का वर्ष पता किया, तब जाकर होर्डिंग में उनकी सही उम्र दर्ज हो पाई। खींसे निपोरते हुए छुटभैये नेता के मुंह से निकल ही गया कि जन्मदिन के बजाय किसी अन्य दिन बधाई देना ज्यादा सही रहता है। … खबरची