गुजरात में लगातार छठी बार भाजपा ने बनाई सरकार
गांधीनगर, 2७ दिसंबर। गुजरात में लगातार छठी बार बीजेपी की सरकार बन गई है। गांधीनगर में आयोजित शपथग्रहण समारोह में विजय रूपाणी ने दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। वहीं नितिन भाई पटेल ने भी दूसरी बार उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। सीएम रूपाणी और डिप्टी सीएम नितिन पटेल के साथ 19 मंत्री रूपाणी मंत्रिमंडल में शामिल हुए, जिसमें 6 पाटीदार और 6 ओबीसी चेहरे शामिल हैं। शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत 18 एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया। आरसी फालदू, भूपेन्द्र सिंह चुडासमा, कौशिश पटेल, सौरभ पटेल, गणपत वसावा, जयेश रादडिया, दिलीप ठाकोर और ईश्वर परमार ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं प्रदीप सिंह जडेजा, परबत भाई पटेल, परषोत्तम सोलंकी, बच्चूभाई खबाड़, जयद्रथ सिंह परमार, ईश्वर सिंह पटेल, वासणभाई गोपाल भाई, दवे विभावरी, रमन लाल नानू भाई और किशोर कनानी ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
शपथ ग्रहण से पहले लौटे शिवराज
विजय रूपाणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समारोह शुरू होने से पहले ही लौट आए। उनके इस तरह लौट आने से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सूत्रों की मानें तो वहां कुछ ऐसा हुआ, जो शिवराज सिंह चौहान के लिए नागवार था। हालांकि शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम स्थल पर भी गए और वहां विजय रूपाणी से मिलकर उन्हें गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं। लेकिन वो शपथ ग्रहण तक नहीं रुके और मध्य प्रदेश लौट गए।