प्रधानमंत्री मोदी को डॉ. यादव ने सिंचाई परियोजनाओं के भूमिपूजन का दिया आमंत्रण

भोपाल/नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें राज्य की दो बड़ी जल शक्ति परियोजनाओं की जानकारी दी और उन्हें इनके भूमिपूजन का आमंत्रण दिया, जिस पर प्रधानमंत्री ने इसके लिए सैद्धांतिक स्वीकृति दी। डॉ. यादव ने इसके साथ ही केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल से भी मुलाकात की। इस भेंट के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की दो बड़ी नदी जोड़ो अभियान में प्रधानमंत्री मोदी की विशेष रूचि है। केन-बेतवा लिंक परियोजना टेंडर की स्थिति में है। इसके माध्यम से बुंदेलखंड के 10.15 जिलों को बहुत लाभ मिलेगा। ये ज्यादा पानी की दरकार वाला क्षेत्र है। इसमें सरकार गंभीरता से आगे बढ़ी है। बहुत जल्द इसके नतीजे मिलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रत्यक्ष मुलाकात कर, उनको निमंत्रण भी दिया और उन्होंने सैद्धांतिक स्वीकृति भी दी है। आने वाले एक-दो महीने में इसकी तारीख निश्चित करके इसका भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की एक और परियोजना पश्चिमी मध्यप्रदेश के लिए बहुत काम की है। इसमें राजस्थान के साथ अनुबंध हुआ है।